नानकमत्ता में ईओ की वापसी पर फिर विवाद, अध्यक्ष ने चार्ज देने से किया इनकार; बिना कार्यभार संभाले लौटे राकेश कोटिया।
नानकमत्ता: नगर पंचायत नानकमत्ता में अधिशासी अधिकारी (ईओ) राकेश कोटिया के तबादले और फिर वापसी को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। शुक्रवार को ईओ नगर पंचायत कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे, लेकिन नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना ने उन्हें चार्ज देने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद राकेश कोटिया बिना कार्यभार संभाले ही कार्यालय से वापस लौट गए।
बताया जा रहा है कि ईओ राकेश कोटिया की कार्यप्रणाली को लेकर नगर पंचायत के कई सभासदों ने पहले बेमियादी धरना शुरू किया था। विवाद बढ़ने के बाद शहरी विकास विभाग की ओर से उनका तबादला जसपुर कर दिया गया था। हालांकि, बाद में शासन स्तर से स्थानांतरण निरस्त होने के बाद उनकी नानकमत्ता नगर पंचायत में दोबारा वापसी हुई।
सुबह कार्यालय पहुंचे ईओ, अध्यक्ष ने रोक दिया चार्ज
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राकेश कोटिया नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू करनी चाही। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना ने उन्हें चार्ज देने से इनकार कर दिया।
अध्यक्ष का कहना है कि बोर्ड के सदस्य और सफाई कर्मचारी ईओ की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में यदि उन्हें दोबारा कार्यभार सौंपा गया तो नगर पंचायत में फिर से धरना-प्रदर्शन और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
दूसरे ईओ की तैनाती की मांग
नगर पंचायत अध्यक्ष ने शासन स्तर पर वार्ता कर नानकमत्ता में किसी अन्य अधिशासी अधिकारी की तैनाती किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि नगर पंचायत में दोबारा विवाद की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए किसी दूसरे अधिकारी को जिम्मेदारी देना बेहतर विकल्प होगा।
चार्ज नहीं मिलने के बाद ईओ राकेश कोटिया नगर पंचायत कार्यालय से वापस लौट गए। फिलहाल वह उप-तहसील नानकमत्ता में एसआईआर ड्यूटी पर तैनात बताए जा रहे हैं।
ईओ का पक्ष नहीं आया सामने
मामले में ईओ राकेश कोटिया का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में चार्ज न दिए जाने और पूरे विवाद को लेकर उनका पक्ष सामने नहीं आ सका है।
नगर पंचायत में ईओ की वापसी के बाद पैदा हुए इस नए विवाद ने एक बार फिर स्थानीय निकाय की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#Nanakmatta #NagarPanchayat #RakeshKotiya #PremSinghTurna #Uttarakhand #UttarakhandNews #LocalNews #NanakmattaNews #UttarakhandLive24