
नेशनल लोक अदालत 12 सितंबर को
-प्रधान न्यायाधीश रघुवंशी ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
अनोखा तीर, हरदा। जिला न्यायालय हरदा में 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की तीसरी नेशनल लोक अदालत में पक्षकारों को लोक अदालत के आयोजन की जानकारी देने के उद्देश्य से प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदा अरविंद रघुवंशी ने मंगलवार को प्रचार वाहन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रघुवंशी ने बताया कि 12 सितंबर को जिला मुख्यालय हरदा और सभी तहसील न्यायालयों में आयोजित होने वाली लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित सभी राजीनामा योग्य सिविल और आपराधिक शमनीय प्रकरणों एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अपने राजीनामा योग्य प्रकरण यथा मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, वैवाहिक प्रकरण, बैंक व वसूली से संबंधित प्रकरण, समझौता आपराधिक प्रकरण, चेक बाउंस से संबंधित प्रकरण, भरण-पोषण, विद्युत अधिनियम, प्ली-बारगेनिंग, कंपाउंडेबल ट्रैफिक चालान, दीवानी प्रकरण का निराकरण लोक अदालत के माध्यम से कराएं व लोक अदालत का लाभ उठाएं। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय सुधीर चौधरी, विशेष न्यायाधीश/नोडल अधिकारी नेशनल लोक अदालत जयदीप सिंह, प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश निसार अहमद खान, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लवकेश सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंद्रशेखर राठौर, न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित मालवीय, प्रेमदीप शाह, एस.के. भदकारिया, चेतना रूसिया तथा अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ जगदीश विश्वकर्मा, सचिव जिला अधिवक्ता संघ शैलेंद्र जोशी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स, अधिवक्तागण एवं जिला न्यायालय और जिला प्राधिकरण के कर्मचारीगण, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, पैरालीगल वॉलेंटियर्स उपस्थित रहे।
Harda, Harda | Sep 9, 2026