
जिला चिकित्सालय में विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर शिविर का हुआ आयोजन
-मरीजों की जांच के साथ उनकी शंका, प्रश्नों का किया समाधान
अनोखा तीर, हरदा। विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला चिकित्सालय हरदा में विशेष फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ईएनटी विशेषज्ञ राजेश सतीजा, एमडी मेडिसिन शैलेंद्र ठाकुर, हड्डी रोग विशेषज्ञ अशोक जाट एवं चिकित्सा विशेषज्ञ गंभीर पटेल ने मरीजों के साथ फिजियोथेरेपी पर संवाद सत्र आयोजित किया। जिला चिकित्सालय के डीईआईसी भवन में संचालित फिजियोथेरेपी यूनिट के भौतिक चिकित्सक मनीराम उईके ने दिवस का महत्व एवं इस वर्ष की थीम हृदयाघात एवं मस्तिष्क आघात के बारे में बताया। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय में दी जा रही फिजियोथेरेपी सेवाओं की जानकारी भी दी। संवाद सत्र में चिकित्सा विशेषज्ञों ने फिजियोथेरेपी के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस दौरान बताया गया कि फिजियोथेरेपी के माध्यम से मरीजों की शारीरिक क्षमता में सुधार होता है, मांसपेशियों में मजबूती आती है जिससे दैनिक गतिविधियों में आत्मनिर्भरता बढ़ती है। कार्यक्रम में उपस्थित वृद्धजनों का पुष्पहार से स्वागत किया गया। शिविर में आए मरीजों को फिजियोथेरेपी से संबंधित आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एच. पी. सिंह ने बताया कि हृदयाघात एवं मस्तिष्क आघात के बाद मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और पुनर्वास में फिजियोथेरेपी की अहम भूमिका है। आमजन को फिजियोथेरेपी के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यकता वाले मरीजों को इसका लाभ पहुंचाने के लिए इस प्रकार के शिविर का आयोजन किया गया। जिला चिकित्सालय हरदा में नियमित रूप से फिजियोथेरेपी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में केंद्र पर उन्नत आधुनिक फिजियोथेरेपी मशीन लगाई गई है, जिसका लाभ मरीजों को प्रदान किया जा रहा है। इस दौरान अस्फाक खान, मीडिया अधिकारी आई. तिग्गा, डीपीएम दिनेश चौहान, डीईआईएम आशीष साकल्ले, अनुष्का फाउंडेशन से विकास राजपूत, डीएएम संतोष कोगे सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Harda, Harda | Sep 9, 2026