
बक्सर में किराना दुकान में लगी भीषण आग, राहत कार्य में पहले पहुँची सदर विधायक आनंद मिश्र की टीम
बक्सर । शहर के गोला बाजार स्थित व्यवसायी लल्लू केशरी की किराना दुकान में देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
इसी दौरान बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्र की टीम भी राहत एवं सहयोग कार्य में सक्रिय नजर आई। आग लगने की सूचना मिलते ही विधायक के कमल सेवा केंद्र से रवि मिश्र, बिट्टू पांडेय सहित कई कार्यकर्ता देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों तथा प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्य में जुट गए।
कमल सेवा केंद्र की टीम ने प्रभावित व्यवसायी और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। टीम के सदस्यों ने दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच समन्वय स्थापित करने में भी सहयोग किया, जिससे राहत कार्य को गति मिली।
विधायक प्रतिनिधियों ने बताया कि सदर विधायक आनंद मिश्र वर्तमान में विधानसभा की प्राक्कलन समिति की बैठक में शामिल होने के लिए पटना गए हुए हैं। पटना से लौटने के बाद वे स्वयं प्रभावित व्यवसायी परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लेंगे तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
हालांकि आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आग से दुकान में रखे सामान को भारी क्षति पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
Buxar, Buxar | Jun 4, 2026