
दरोगा अजय यादव पर चली गोली से शुरू हुई तलाश, अब STF की गोली से खत्म हुआ ललन सिंह का आतंक
वाराणसी के जाबांज दरोगा अजय यादव ने उस रात सिर्फ अपनी जान बचाने की लड़ाई नहीं लड़ी थी, बल्कि एक ऐसे खूंखार अपराधी गिरोह का चेहरा भी देश के सामने ला दिया था, जिसने पुलिसकर्मियों, बैंक कर्मचारियों और आम लोगों के खून से अपराध की लंबी दास्तान लिखी थी। सीने में गोली लगने के बाद भी खून से लथपथ हालत में अस्पताल तक पहुंचने वाले दरोगा अजय यादव की बहादुरी आज फिर चर्चा में है, क्योंकि उन्हें गोली मारकर सरकारी पिस्टल लूटने वाला कुख्यात बदमाश ललन सिंह आखिरकार यूपी एसटीएफ के एनकाउंटर में ढेर हो गया।
सरसावा में खत्म हुआ वर्षों से फरार अपराधी का सफर
सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात यूपी एसटीएफ और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बिहार के कुख्यात अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन मारा गया। एडीजी अमिताभ यश के मुताबिक, एएसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ टीम सरसावा-नकुड़ रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में ललन सिंह गोली लगने से घायल हो गया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। घायल ललन को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
@highlight
Sadar, Lucknow | Jun 22, 2026