
बखरिया पैक्स चुनाव: चाचा-भतीजा आमने-सामने, कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न
मझौलिया प्रखंड की बखरिया पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से प्रशासनिक निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ डॉ. राजीव रंजन कुमार ने बताया कि मतदान केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें मतदान केंद्रों पर देखी गईं।
बखरिया पैक्स में कुल 2714 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव का सबसे चर्चित पहलू चाचा-भतीजा के बीच सीधा मुकाबला है। वर्ष 2009 से लगातार पैक्स अध्यक्ष रहे गोपीचंद यादव को इस बार उनके भतीजे एवं सेवानिवृत्त पंचायत सेवक भन्नु यादव चुनौती दे रहे हैं। इस मुकाबले ने पूरे क्षेत्र का ध्यान आकर्षित किया है।
मतदान समाप्त होने के बाद शाम 4:30 बजे से प्रखंड मुख्यालय मझौलिया में मतगणना होगी। देर रात तक परिणाम आने की संभावना है। वहीं, मंगलवार रात पुलिस ने कथित रूप से वोटरों के बीच शराब वितरण करने जा रहे अनिल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।