
शहर की निगरानी वाले कैमरे हैं खराब, चोर से भिड़ गई वृद्धा
संवाददाता मुकेश कुमार बरौनी
शहर की सुरक्षा के लिए लाखों रुपए से सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू हुआ। सड़कों को रोशन रखने के लिए हजारों एलईडी लाइटें भी लगाई गईं। लेकिन चोरी हुई तो कई कैमरे चालू नहीं मिले। कई सड़कें बंद स्ट्रीट लाइटों के कारण अंधेरे में हैं। बरौनी नगर परिषद क्षेत्र में सेवानिवृत्त कर्मी के घर लाखों की चोरी के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। स्थिति यह रही कि घर में मौजूद वुद्ध प्रेमलता देवी को अकेले ही चोर को पकड़ने की कोशिश करनी पड़ी। घटना के दो दिन बाद तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद फुलवरिया थानाध्यक्ष से फोन पर बात कर जांच की प्रगति जानी। विधायक ने पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर संतोष जताया। कहा कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। जल्द अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की उम्मीद
नगर परिषद को कैमरे चालू कराने और खराब स्ट्रीट लाइट तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश
हजारों एलईडी लगीं, कई महीनों से बंद; रात में अंधेरे में डूब रहीं सड़कें
लोगों ने नई एलईडी स्ट्रीट लाइटों की स्थिति भी बताई। शिकायत की कि लाखों रुपए खर्च कर पोल पर हजारों लाइटें लगाई गई, लेकिन इनमें से कई महीनों से बंद हैं। रात में कई सड़कें अंधेरे में रहती हैं। अपराधियों को इसका फायदा मिलता है। विधायक ने कार्यपालक पदाधिकारी को सभी एलईडी लाइटों की जांच कराने का निर्देश दिया। खराब लाइटों को अविलंब चालू कराने को कहा। उन्होंने लोगों से भी सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी या लापरवाही दिखने पर संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधियों को जानकारी देने की अपील की।
वृद्धा ने चोर को पकड़ने की कोशिश की, विधायक बोले-हिम्मत ने उसका मनोबल तोड़ा
विधायक ने प्रेमलता देवी के साहस की सराहना की। कहा कि वृद्ध होने के बावजूद उन्होंने अकेले चोर को पकड़ने की कोशिश की। भले ही चोर उनकी पकड़ से छूटकर भाग गया, लेकिन उनके साहस के कारण उसे तत्काल घर से भागना पड़ा। उन्होंने परिजनों से कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर संदेह है, सुरक्षा कारणों से सीधे पुलिस को जानकारी देने में हिचकिचाहट है, तो उन्हें व्यक्तिगत रूप से सूचना दे सकते हैं। जानकारी गोपनीय रखते हुए पुलिस तक पहुंचाई जाएगी।
10 महीने से कैमरे लगाने का काम अधूरा, कई लगे लेकिन अब तक चालू नहीं
स्थानीय लोगों ने विधायक को बताया कि करीब 10 महीने पहले नगर परिषद क्षेत्र के चौक-चौराहों और प्रमुख सड़कों पर लाखों रुपए की लागत से सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू हुआ था। अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। कई जगह कैमरे लगा दिए गए, लेकिन उनका संचालन शुरू नहीं किया गया। अपराध होने पर पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में परेशानी होती है। विधायक ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से फोन पर बात की। लंबित कैमरा स्थापना कार्य जल्द पूरा कराने को कहा। लगे सभी कैमरों को तत्काल चालू कराने को कहा।