
राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता रथ रवाना।
आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आम लोगों को इसके लाभों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को व्यवहार न्यायालय, शेखपुरा परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जागरूकता रथ को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शेखपुरा श्री संतोष कुमार तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत लोगों को सुलह एवं समझौते के माध्यम से अपने विवादों का त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। उन्होंने आम लोगों से समझौता योग्य मामलों को लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित कराने की अपील की।
प्रचार वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की उपयोगिता, निस्तारित किए जाने वाले मामलों तथा उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में जानकारी देगा।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन, शेखपुरा के अध्यक्ष चंद्रमौली यादव ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय को आम लोगों तक सहज और सुलभ रूप से पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि आपसी सहमति एवं समझौते से विवादों का समाधान होने पर समय और धन दोनों की बचत होती है। उन्होंने अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक समझौता योग्य मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में लाने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के महासचिव विनोद सिंह, न्यायिक पदाधिकारी नीरज किशोर, रविंद्र कुमार एवं सतीश कुमार झा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सुशील प्रसाद तथा न्यायालय कर्मचारी अजीत कुमार, कुमार मंजेश एवं राजेश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत समझौते से समाधान, समय और धन की बचत।
#NationalLokAdalat #LokAdalat #Sheikhpura #DLSA #LegalServices #JusticeForAll