
केदारनाथ में हरित ऊर्जा की नई पहल: बायोमास पेलेट से मिलेगी 24 घंटे गर्म पानी की सुविधा।।
पवित्र केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए एक अभिनव हरित ऊर्जा परियोजना शुरू की जा रही है। इस अनूठी पहल के तहत चीड़ की पत्तियों (पीरुल) और खच्चरों के गोबर से तैयार बायोमास पेलेट्स का उपयोग कर धाम में चौबीसों घंटे गर्म पानी उपलब्ध कराया जाएगा। देश में पहली बार इतनी ऊंचाई वाले धार्मिक स्थल पर इस प्रकार की व्यवस्था विकसित की जा रही है। परियोजना के तहत केदारनाथ पैदल मार्ग पर स्थित ढाबा संचालकों को स्वच्छ और सस्ता ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि श्रद्धालुओं के लिए गर्म पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। एक वर्ष की परीक्षण अवधि के दौरान चयनित स्थानों पर बायोमास स्टोव और गर्म पानी के गीजर निःशुल्क लगाए जाएंगे। यह पहल न केवल ऊर्जा संकट का समाधान करेगी, बल्कि जंगलों में आग का प्रमुख कारण बनने वाली सूखी चीड़ की पत्तियों के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार सृजन को भी बढ़ावा देगी। यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो इसे देश के अन्य उच्च हिमालयी तीर्थस्थलों पर भी लागू किया जा सकता है।
Pauri, Garhwal | Jun 3, 2026