
समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 27 जुलाई 2026
डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर जिला स्तरीय अंतर-विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित
आज दिनांक 27 जुलाई 2026 को उप विकास आयुक्त बक्सर, श्रीमती निहारिका छवि की अध्यक्षता में डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु जिला स्तरीय अंतर-विभागीय समन्वय समिति की बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में डेंगू की वर्तमान स्थिति, रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए की जा रही तैयारियों तथा विभिन्न विभागों की भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि डेंगू की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी विभागों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने नगर परिषद, नगर पंचायत, पंचायती राज संस्थाओं, शिक्षा विभाग, जीविका, आईसीडीएस, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, वन विभाग, पशुपालन विभाग एवं सूचना एवं जन संपर्क विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की नियमित सफाई कराई जाए, कूलर, टंकी, गमले एवं अन्य जल संग्रहण स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार लार्वीसाइडल छिड़काव एवं फॉगिंग की कार्रवाई की जाए। विद्यालयों, पंचायतों एवं सामुदायिक स्तर पर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू जांच किट, आवश्यक दवाएं, समर्पित डेंगू बेड, प्रशिक्षित रैपिड रिस्पॉन्स टीम तथा फॉगिंग मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को निरंतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा डेंगू मरीज मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि डेंगू नियंत्रण संबंधी गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी संदिग्ध मरीज की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अपने घर एवं आसपास पानी जमा न होने दें, पूर्ण आस्तीन के कपड़े पहनें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं तथा बुखार होने पर तुरंत निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जांच एवं उपचार कराएं।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Samrat Choudhary State Health Society, Bihar #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #buxar #bihar #topfollowers
Buxar, Bihar | Jul 27, 2026