
सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में होंगी विभिन्न जनभागीदारी गतिविधियां
सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विकासखंड करंजिया में बैठक आयोजित की गई। बजाग एसडीएम श्री पुष्पेंद्र अहाके की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पंचायत, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उच्च शिक्षा, आजीविका परियोजना एवं वन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिला डिंडौरी में आयोजित होने वाली गतिविधियों की विभागवार एवं दिनांकवार तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर को ग्राम पंचायत गरकमट्टा में खंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आवास हितग्राहियों एवं अन्य हितग्राहियों के घरों तथा नर्मदा नदी तट पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। साथ ही सभी शासकीय भवनों में रोशनी करने के निर्देश दिए गए। 19 से 26 सितंबर तक सभी स्कूलों में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता, जबकि 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक ‘आनंद मिलन रंगोली’ के तहत रंगोली प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।
2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत विभिन्न जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, नशा मुक्ति अभियान, साक्षरता अभियान, दिव्यांगजनों से संबंधित गतिविधियां, साफ-सफाई सहित विभिन्न कार्यक्रम शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को ग्राम सोनतीरथ में नदी के उद्गम स्थल पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा गया। वहीं ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत पाटन में गोंडी चित्रकला से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम श्री पुष्पेंद्र अहाके ने सभी विभागों को अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। बैठक में अभियान के दौरान आयोजित होने वाली समस्त गतिविधियों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई|
#SevaSankalpAbhiyan
#Dindori
#Jansahbhagita
#JanKalyan
#SevaAurSamarpan
#DindoriAdministration
#MadhyaPradesh
#PublicParticipation
#SwachhataAbhiyan
#TreePlantation
#NashaMuktiAbhiyan
#HealthCamp
#WomenAndChildDevelopment
#GoodGovernance