
पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियां विश्वविद्यालय की गौरवशाली पहचानः प्रो. सोमनाथ सचदेवा
कुवि के भौतिकी विभाग में एलुमनी मीट-2026 का आयोजन, पूर्व विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव’’
कुरुक्षेत्र, 13 नवंबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग द्वारा शुक्रवार को एलुमनी मीट-2026 का आयोजन किया गया। ‘क्वांटम एंटैंगलमेंट’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में विभाग के पूर्व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विद्यार्थी जीवन की यादों को ताजा करते हुए अनुभवों एवं उपलब्धियों को साझा किया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने पूर्व विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियों और उनके योगदान से बनती है। जिस प्रकार भौतिकी में एक कण से उत्पन्न तरंगें दूर-दूर तक अपना प्रभाव छोड़ती हैं, उसी प्रकार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियां भी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सकारात्मक छाप छोड़ रही हैं। इस एलुमनी मीट में यह प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है, जहां विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी व्यवसाय, इसरो, सिविल सेवाओं सहित विभिन्न प्रतिष्ठित क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देकर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कहा कि भौतिकी विभाग कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के मुकुट में एक अनमोल रत्न के समान है। विभाग ने दशकों से उत्कृष्ट शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों और पेशेवरों को तैयार कर विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने लगभग 400 पूर्व विद्यार्थियों की सहभागिता से आयोजित इस भव्य एलुमनी मीट के लिए पूरे भौतिकी विभाग को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से कार्यक्रम के संयोजक एवं विभागाध्यक्ष के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका और कनाडा सहित विभिन्न देशों से पूर्व विद्यार्थियों का एक मंच पर एकत्रित होना विभाग की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा और मजबूत एलुमनी नेटवर्क का प्रमाण है। उन्होंने एलुमनी मीट की थीम ‘क्वांटम एंटैंगलमेंट’ की भी विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि यह थीम भौतिकी परिवार के सदस्यों के बीच गहरे जुड़ाव और आपसी संबंधों को खूबसूरती से दर्शाती है। जिस प्रकार क्वांटम एंटैंगलमेंट में कण एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं, उसी प्रकार विभाग के पूर्व विद्यार्थी भी दुनिया के किसी भी कोने में हों, उनकी आत्मीयता और विभाग से जुड़ाव हमेशा बना रहता है।
श्री विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी, दूधौला, पलवल के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पूर्व विद्यार्थियों के अनुभवों और वर्तमान विद्यार्थियों की आकांक्षाओं के बीच एक सार्थक सेतु का कार्य करते हैं। पूर्व विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं सहयोग वर्तमान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कुलसचिव डॉ. (लेफ्टिनेंट) वीरेंद्र पाल ने कहा कि एलुमनी मीट पूर्व विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक संस्था से जुड़े रहने और अपने अनुभवों को साझा करने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।
समारोह में विभाग के अनेक प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थियों जो वर्तमान में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों एवं संगठनों में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं ने अपने विचार सांझा किए इनमें डॉ. सुधीर अरोड़ा, वैज्ञानिक एफ, सीएसआईआर-निस्केयर; प्रो. नफे सिंह, सेवानिवृत्त प्रोफेसर, भौतिकी विभाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय; प्रो. दिनेश अग्रवाल, कुलपति, श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, पलवल; डॉ. मनु मेहता, वैज्ञानिक, इसरो; डॉ. टी.के. शर्मा, सेवानिवृत्त आईएएस एवं पूर्व उपायुक्त, कुरुक्षेत्र; डॉ. सत्यपाल अरोड़ा, कोल इंडिया लिमिटेड के पूर्व उप मुख्य सामग्री प्रबंधक एवं वर्तमान में पेटेंट अधिवक्ता; डॉ. भारत भूषण, वरिष्ठ निदेशक (आईटी), सेवानिवृत्त, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, चंडीगढ़; कर्नल हरनाम सिंह, कोर ऑफ सिग्नल्स, भारतीय सेना तथा उद्योगपति एस. मनमोहन शर्मा, पानीपत शामिल रहे।
भौतिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेश खरब ने सभी अतिथियों एवं पूर्व विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विभाग की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विद्यार्थियों ने अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अनुभव साझा किए तथा वर्तमान विद्यार्थियों को करियर, शोध और रोजगार के विभिन्न अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, कुका निदेशक प्रो. अनिल मित्तल, प्रो. सुमन मेहंदिया, प्रो. फकीर चंद, प्रो. नफे सिंह सहित विभाग के शिक्षक, पूर्व विद्यार्थी एवं वर्तमान विद्यार्थी उपस्थित रहे।