
जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
धौलपुर, 10 अगस्त। जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह परंपरागत एवं गरिमामयी तरीके से आयोजित किया जाए। आयोजन से जुड़े अधिकारी समय रहते सभी तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने समारोह स्थल पर बैठक, पेयजल, टेन्ट, साउंड सिस्टम, निमंत्रण पत्र, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, परैड सहित सभी तैयारियों की पूर्व समीक्षा की।
बैठक में विभिन्न विभागों की बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत कार्यों की भी समीक्षा की गई। पूर्ण हो चुके तथा प्रगतिरत कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सभी विभागों को जिले की विभागीय उपलब्धियों एवं महत्वपूर्ण कार्यों से संबंधित नोट तैयार कर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
इस दौरान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में बिजली एवं पानी से संबंधित विभागों को विशेष रूप से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा आमजन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बबली राम जाट सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।