
महिला सिलाई प्रशिक्षण का समापन, प्रशिक्षुओं ने प्रदर्शित किया हुनर और आत्मविश्वास
डिंडौरी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), डिंडौरी में आयोजित महिला सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन अवसर पर प्रशिक्षु महिलाओं ने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने द्वारा तैयार किए गए विभिन्न परिधानों एवं सिलाई कार्यों का प्रदर्शन किया।
समापन कार्यक्रम में आजीविका मिशन के श्री भगत सिंह आर्मो, लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) श्री रविशंकर, संस्थान की फैकल्टी कु. दीपिका सिंगोर, ऑफिस असिस्टेंट श्री हंसराज तथा अटेंडर श्री राम प्रसाद उपस्थित रहे।
अतिथियों ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर सभी प्रशिक्षु महिलाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं की आर्थिक सशक्तता बढ़ाने के साथ ही उन्हें समाज में सम्मानजनक पहचान दिलाने का माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम में प्रशिक्षु महिलाओं ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण से उन्हें सिलाई कार्य की तकनीकी जानकारी प्राप्त हुई है, जिससे वे भविष्य में स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के कौशल विकास, आर्थिक सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है।
#anjupawanbhadauria #डिंडौरी #JansamparkMP