
#गुना - जिले में 06 अक्टूबर 2026 को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (National Deworming Day – NDD) के अंतर्गत जिले में 06 अक्टूबर 2026 को बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि नाशक दवा खिलाने का अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिला गुना में लक्षित बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि नाशक दवा का सेवन कराया जाना है।
जिले में अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए शासकीय, अशासकीय/निजी, अर्द्ध शासकीय विद्यालयों, छात्रावासों, मदरसों तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों को अभियान से जोड़ा गया है। स्वास्थ्य विभाग के साथ स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा संबंधित संस्थानों के समन्वय से अभियान का संचालन किया जाएगा।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को आंतों में होने वाले कृमि संक्रमण से बचाना तथा उनके स्वास्थ्य, पोषण, वृद्धि एवं शैक्षणिक क्षमता में सुधार करना है। राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों के अनुसार 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि नाशक दवा उपलब्ध कराई जाती है।
अभियान के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बच्चों को दवा का सेवन कराया जाएगा। दवा सेवन के उपरांत बच्चों की निगरानी भी की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए कोई भी पात्र बच्चा कृमि नाशक दवा से वंचित न रहे तथा अभियान के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करने में सहयोग प्रदान करें l
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh