
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में खराब पड़ी एक्स-रे मशीन जल्द ठीक करने की मांग
मरीजों को मजबूरन निजी अस्पतालों में करवाने पड़ रहे एक्स-रे, मुख्य मंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री को चिकित्सा अधीक्षक के माध्यम से सौंपा ज्ञापन
Kullu Times
जिला कुल्लू मुख्यालय स्थित क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अगस्त महीने से एक्स-रे मशीन खराब होने के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक्स-रे जैसी जरूरी जांच के लिए मरीजों को मजबूरन निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों में जाना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।इसी समस्या को लेकर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, जिला कमेटी कुल्लू के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष ममता नेगी के नेतृत्व में चिकित्सा अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और एक्स-रे मशीन को जल्द ठीक करवाने की मांग रखी। इस दौरान कुब्जा, रमा, कांता, बरेस्ती, पुष्पा, गोदावरी और सुनीता सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।अध्यक्ष ममता नेगी ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में एक्स-रे मशीन का इतने लंबे समय से खराब रहना बेहद चिंता का विषय है। सरकारी अस्पताल में इलाज की उम्मीद लेकर आने वाले मरीजों को जरूरी जांच के लिए निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे गरीब और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कुल्लू के अलावा मंडी, लाहौल-स्पीति और चंबा के पांगी क्षेत्र से भी मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, इसलिए यहां एक्स-रे जैसी जरूरी सुविधा हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए। चिकित्सा अधीक्षक ने समिति को दो सप्ताह के भीतर एक्स-रे मशीन ठीक करवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि तय समय में मशीन ठीक नहीं हुई तो समिति आम जनता को लामबंद करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करेगी।
समिति की सचिव ने कहा कि मरीजों की परेशानी को देखते हुए मशीन को जल्द ठीक करवाना बेहद जरूरी है। सरकारी अस्पताल में जरूरी जांच सुविधा बंद रहने से आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने कहा कि यदि दो सप्ताह के भीतर एक्स-रे मशीन ठीक नहीं की गई, तो आम जनता को लामबंद कर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा।
Kullu, Kullu | Sep 15, 2026