
दो FIR दर्ज नहीं करना पड़ा भारी, आदापुर SHO पूजा कुमारी निलंबित
मोतिहारी। आदापुर थाना की थानाध्यक्ष पूजा कुमारी को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि दो अलग-अलग मामलों में समय पर प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने को लेकर पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया।
मामले की शिकायत और विभागीय स्तर पर हुई जांच के बाद डीआईजी ने पूजा कुमारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। आरोप है कि संबंधित मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने में लापरवाही बरती गई, जिसके बाद विभागीय प्रक्रिया के तहत यह कदम उठाया गया।
हालांकि, पूजा कुमारी की कार्यशैली को लेकर स्थानीय स्तर पर कई सकारात्मक चर्चाएं भी रही हैं। पुलिसिंग में सक्रियता और विभिन्न मामलों में कार्रवाई को लेकर उन्हें सराहना भी मिली है। ऐसे में दो मामलों में FIR दर्ज नहीं होने को लेकर हुई कार्रवाई को उनके पूरे कार्यकाल के मूल्यांकन के बजाय विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
निलंबन के बाद मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई जारी है। पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।