
कुरारा-भौली मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष आशारानी कबीर ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मंडी समिति से भगत तालाब तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क को सीसी रोड के रूप में बनवाए जाने की मांग की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष आशारानी कबीर ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया कि कुरारा-भौली मार्ग नगर का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जो लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़ा हुआ है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण व्यापारियों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सड़क की हालत और अधिक खराब हो जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। वहीं स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होने से मरीजों का आना जाना लगा रहता है वही गंभीर मरीजों को एम्बुलेंस के माध्यम से स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में भी कठिनाइयां आती हैं।
चेयरमैन ने जनहित को देखते हुए मंडी समिति से भगत तालाब तक इस मार्ग का स्थायी समाधान करते हुए सीसी रोड निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बनने से हजारों स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी और नगर के विकास को नई गति मिलेगी। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।