
गन्ने के खेत में छिपे बाघ का युवक पर हमला, खींचकर ले गया अंदर; ग्रामीणों ने निकाला शव
बाघ के हमले में 18 वर्षीय रोहित की दर्दनाक मौत, सर्प मित्र के रूप में भी थी पहचान; वन विभाग के न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश
पलियाकलां (खीरी)। पलिया तहसील क्षेत्र के ग्राम पटिहन मजरा खुशीपुरा में सोमवार दोपहर बाघ के हमले में 18 वर्षीय युवक रोहित पुत्र राजकुमार की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रोहित बकरियां चरा रहा था, इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने उस पर हमला कर दिया और उसे खींचकर खेत के अंदर ले गया।
घटना के समय रोहित के साथ कुछ अन्य बच्चे भी बकरियां चरा रहे थे। बाघ के हमले के बाद बच्चों ने गांव पहुंचकर शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने गन्ने के खेत के पास शोर मचाकर काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक रोहित की पहचान क्षेत्र में एक सर्प मित्र के रूप में भी थी। वह आसपास के गांवों और क्षेत्र में निकलने वाले जहरीले सांपों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ने का काम करता था। लोगों की जान बचाने के लिए तत्पर रहने वाले रोहित की इस तरह दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
घटना सोमवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक शाम पांच बजे तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने बीते कुछ समय में क्षेत्र में हुई वन्यजीव हमले की घटनाओं और वन विभाग की कथित लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने युवक के शव को गन्ने के खेत के पास ही रख दिया और वन विभाग के अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की मांग पर अड़े रहे। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
#highlightseveryone #paliakalan #viral #followers #highlights #tourist