
तेजरासर की बेटी रवीना जाखड़ ने बढ़ाया मान का,किसान पिता तारूराम जाखड़ की मेहनत लाई रंग
तेजरासर -(असगर अली ) गांव की बेटी रवीना जाखड़ ने तमिलनाडु के सरकारी मेडिकल कॉलेज, अरियालुर में MBBS की पढ़ाई के लिए प्रवेश लेकर तेजरासर का मान बढ़ाया है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली रवीना की इस उपलब्धि से परिवार सहित गांव के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
खेती करके बेटी को पढ़ाया, अब डॉक्टर बनने की राह पर रवीना
रवीना के पिता तारूराम जाखड़ किसान हैं। उन्होंने खेती-किसानी करके अपनी बेटी की पढ़ाई जारी रखी और उसे आगे बढ़ने के अवसर दिए। रवीना की सफलता के पीछे उनकी मेहनत, लगन और परिवार का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। तारूराम जाखड़ का सपना है कि उनकी बेटी चिकित्सा के क्षेत्र में आगे बढ़कर पूरे गांव और देश का नाम रोशन करे।
तेजाना शिक्षण संस्थान में हुई शुरुआती पढ़ाई
रवीना जाखड़ की शुरुआती पढ़ाई तेजरासर स्थित तेजाना शिक्षण संस्थान में हुई। उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा में संस्थान के संस्था प्रधान एवं निदेशक शीशराम पूनिया के मार्गदर्शन को भी महत्वपूर्ण बताया। रवीना के अनुसार, शीशराम पूनिया ने उन्हें सदैव आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और बेहतर मार्गदर्शन प्रदान किया, जिससे उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने का हौसला मिला।
रवीना की उपलब्धि से ग्रामीणों में खुशी
किसान परिवार की बेटी का मेडिकल कॉलेज तक पहुंचना ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। रवीना की सफलता से गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि मेहनत, शिक्षा के प्रति समर्पण और परिवार व शिक्षकों के मार्गदर्शन से ग्रामीण परिवेश में रहकर भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।