
चर्चित कथावाचक गिरफ्तार | SA News Chhattisgarh
महासमुंद | 20-06-2026: छत्तीसगढ़ में धार्मिक प्रवचनों, ज्योतिषीय भविष्यवाणियों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर किए गए दावों के कारण लंबे समय से चर्चा में रहने वाले कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री इन दिनों एक गंभीर आपराधिक दुष्कर्म मामले को लेकर सुर्खियों में हैं।
महासमुंद जिले में दर्ज एक शिकायत के आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक महिला द्वारा की गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में प्राप्त तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 9 जून को नरेंद्र नयन शास्त्री को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।
नरेंद्र नयन शास्त्री विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 376(2)(j), 376(2)(n) एवं 376(2)(m) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। महासमुंद पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गिरफ्तारी की पुष्टि भी की है।
शास्त्री उस समय विशेष रूप से चर्चा में आए थे जब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में उन्होंने छत्तीसगढ़ की राजनीति से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण भविष्यवाणियां की थीं, जिनमें मुख्यमंत्री परिवर्तन जैसे दावे भी शामिल थे। इसके अलावा चुनावी माहौल के दौरान कई नेताओं की जीत-हार और मतों के अंतर को लेकर किए गए उनके दावे भी लगातार चर्चा का विषय बने रहे।
हालांकि अब परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संवेदनशील प्रकृति का है, इसलिए जांच पूरी होने तक सभी तथ्यों को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। फिलहाल सभी की निगाहें जांच एजेंसियों की आगामी कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।
#SANewsChhattisgarh #SANewsChannel #Chhattisgarh #SANewsCG #NarendraNayanShastri #Mahasamund #BreakingNews #CrimeNews #BNS #PoliceAction #ChhattisgarhNews #TrendingNews
Chhattisgarh, India | Jun 20, 2026