
बक्सर में सेब की आड़ में शराब की बड़ी खेप बरामद, 5,301 लीटर विदेशी शराब जब्त
- वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर डीसीएम ट्रक से 597 कार्टन शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
बक्सर । उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार की शाम वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट, ऊपरी गंगापुल पर वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए सेब लदे डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। जांच के दौरान ट्रक से 597 कार्टन में कुल 5,301 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की ओर से बक्सर में प्रवेश कर रहे एक डीसीएम ट्रक को वाहन जांच के दौरान संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली गई। प्रथम दृष्टया ट्रक में सेब लदा हुआ दिखाई दे रहा था। हालांकि, सघन जांच के दौरान सड़े-गले सेबों के बोरे के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप का खुलासा हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब की खेप चंडीगढ़ से पूर्णिया ले जाई जा रही थी। बरामद शराब चंडीगढ़ निर्मित बताई गई है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्य निषेध अधिनियम के तहत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब की खेप से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई चेक पोस्ट प्रभारी सह निरीक्षक मद्यनिषेध कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान निरीक्षक मद्यनिषेध संतोष कुमार पाठक एवं अवर निरीक्षक मद्यनिषेध प्रिंस कुमार मौजूद रहे।
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल के नेतृत्व में जिले में लगातार शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Buxar, Buxar | Sep 7, 2026