
जनसुनवाई में 12वीं कक्षा की छात्रा रिया की आधार संबंधी समस्या का हुआ समाधान, परीक्षा में शामिल होने का मार्ग प्रशस्त
..
जुलाई से आधार कार्ड में सुधार के लिए परेशान थी छात्रा, जनसुनवाई में चंद दिनों में हुआ समाधान
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के हस्तक्षेप के बाद छात्रा का आधार में हो पाया सुधार
..
भोपाल तक प्रयास के बाद भी नहीं सुधरा आधार, विदिशा जिला मुख्यालय की जनसुनवाई में पहुंचते ही दूर हुई छात्रा की समस्या
..
जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में एक छात्रा की महत्वपूर्ण समस्या का त्वरित निराकरण कर प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया है। लटेरी तहसील के ग्राम रुसल्ली साहू निवासी कक्षा 12वीं की छात्रा रिया बघेल के आधार कार्ड में त्रुटि होने के कारण उसे विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। आधार कार्ड में सुधार नहीं होने से उसकी आगामी परीक्षाओं में शामिल होने पर भी संकट उत्पन्न हो गया था। छात्रा रिया बघेल जुलाई माह से आधार कार्ड में सुधार कराने के प्रयास कर रही थी। समस्या के समाधान के लिए वह भोपाल तक गई, लेकिन तकनीकी कारणों से उसका आधार कार्ड अपडेट नहीं हो सका। लगातार प्रयासों के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं होने से उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।
जनसुनवाई के दौरान जब यह मामला कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के समक्ष पहुंचा, तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर आधार संबंधी कार्यों का संचालन करने वाले अधिकारियों ने तकनीकी बाधाओं को दूर कर आवश्यक कार्यवाही पूरी की और छात्रा का आधार कार्ड सफलतापूर्वक अपडेट कराया। आधार कार्ड में सुधार होने के साथ ही छात्रा के परीक्षा में शामिल होने का मार्ग भी प्रशस्त हो गया है। डिजिटल सेवाओं का लाभ समय पर मिलने से उसकी पढ़ाई में आ रही बाधा दूर हो गई। आधार कार्ड अपडेट होकर प्रिंट प्राप्त होने पर छात्रा रिया बघेल के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
समस्या का शीघ्र समाधान होने पर छात्रा ने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से उसकी लंबे समय से लंबित समस्या का कुछ ही दिनों में समाधान हो गया। जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का यह एक प्रेरणादायक उदाहरण है। #Vidisha #JansamparkMP #education