
अजमेर में साइबर ठगी गिरोह पर रामगंज थाना पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 हजार का इनामी आरोपी जयपुर से गिरफ्तार
अजमेर। साइबर ठगी के मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन 'म्यूल हंटर' के तहत रामगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में फरारी काटने के बाद जयपुर में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान लोकेश कुमार (33) पुत्र अर्जुन जाति कोली के रूप में हुई है। वह साइबर ठगी और धोखाधड़ी के प्रकरण संख्या 257/26 में वांछित था। मामले में पूर्व में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना शाबर आलम लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाता था। इसके बदले खाताधारकों को 10 हजार से 25 हजार रुपए तक दिए जाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया जाता था। गिरोह के सदस्य एटीएम से रकम निकालकर कमीशन अपने पास रखते और शेष राशि मुख्य आरोपियों तक USDT (क्रिप्टोकरेंसी) के जरिए पहुंचाते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लोकेश कुमार गिरोह के मुख्य सरगना शाबर आलम का सहयोगी है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगी के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Nov 4, 2026