
सहयोग शिविरों में 740 आवेदन प्राप्त, 506 मामलों का त्वरित निष्पादन, 30 दिनों में शत-प्रतिशत निस्तारण का निर्देश
हाजीपुर। जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में बुधवार को जिले के सभी प्रखंडों की चयनित पंचायतों एवं नगर निकायों में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविरों का उद्देश्य आमजनों को सरकारी विभागों से जुड़ी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए उनके नजदीक ही आवेदन देने की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
जिलेभर में आयोजित सहयोग शिविरों में कुल 740 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 506 मामलों का मौके पर अथवा प्रारंभिक स्तर पर निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 234 मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। शिविरों में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे और प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई की गई।
24 घंटे में डिजिटाइज करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने प्राप्त आवेदनों को अगले 24 घंटे के भीतर डिजिटाइज कर संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया, ताकि मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवेदनों एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से 30 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करने को कहा गया।
आम लोगों को कार्यालयों के चक्कर से मिलेगी राहत
डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजनों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत देना और प्रशासनिक सेवाओं को उनके नजदीक उपलब्ध कराना है। शिविरों के माध्यम से लोग अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष रख पा रहे हैं, जिससे समाधान की प्रक्रिया अधिक सुगम और प्रभावी हो रही है।
उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सभी पदाधिकारियों को प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं वरीय प्रेक्षकों ने विभिन्न शिविर स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा की। पूरे जिले में सहयोग शिविर शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं जनोन्मुखी वातावरण में संपन्न हुआ।
#Vaishali #VaishaliNews #Hajipur #SahyogShivir #DMVaishali #VarshaSingh #DistrictAdministration #BiharNews #HajipurNews #PublicGrievance #JanSeva #GoodGovernance #VaishaliAdministration #YoungIndiaNews