सतना
नागौद। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 स्थित सिंहपुर चौराहे पर करीब तीन साल पहले यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से डिजिटल ट्रैफिक लाइट स्थापित की गई थी। उस समय नगर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी ऐसी लाइटें लगाने की घोषणा की गई थी, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी यह व्यवस्था धरातल पर नहीं उतर सकी। विडंबना यह है कि चौराहे पर लगी ट्राफिक डिजिटल लाइट आज तक रोशनी और यातायात का संकेत देने के बजाय खुद अंधेरे में खड़ी है।नगरवासियों को उम्मीद थी कि देर-सबेर यह व्यवस्था शुरू होगी और चौराहे पर यातायात सुगम होगा, लेकिन आज तक यह लाइट अपना अंधेरा दूर नहीं कर पाई। ना ही आम जनता को यातायात संकेत दे पाई वहीं, इसके लिए बनाए गए चबूतरे को वाहनों की टक्कर से अब तक तीन बार मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की जरूरत पड़ चुकी है। इससे न केवल नगर परिषद को अनावश्यक आर्थिक भार उठाना पड़ा, बल्कि चौराहे पर दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।*