
पूनम सिंगला बनीं अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष
अग्रवाल समाज की अग्रणी संस्था अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा ने हरियाणा में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से पूनम सिंगला को समस्त हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा की गई है।
पूनम सिंगला लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय रही हैं। वे भाजपा की वरिष्ठ कार्यकर्ता होने के साथ-साथ भूना नगर की पार्षद भी हैं। समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण तथा अग्रवाल समाज के उत्थान में उनके योगदान को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति के बाद पूनम सिंगला ने संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और अग्रवाल समाज के वरिष्ठजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य समाज को एकजुट करना, युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ना तथा सामाजिक सेवा के कार्यों को और अधिक गति देना रहेगा।
उनकी नियुक्ति पर अग्रवाल समाज के लोगों, सामाजिक संगठनों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।