
दतिया में जहरीली शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 36 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त
दतिया। सागर जिले में जहरीली शराब की घटना के बाद दतिया में भी अवैध एवं जहरीली शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े, पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता संदीप शर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी मनीष द्विवेदी के मार्गदर्शन में वृत्त प्रभारी ध्वनि भदौरिया के नेतृत्व में टीम ने नई फल मंडी, ग्वालियर रोड दतिया में कार्रवाई करते हुए लव कुमार पुत्र उपेंद्र सेन, उम्र 23 वर्ष, निवासी लिटोरिया वाली गली, दतिया के कब्जे से 36 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की।
आबकारी विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 संशोधन 2000 की धारा 34(1)ए एवं 49-क के तहत प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। जब्त मदिरा एवं वाहन की अनुमानित कीमत 7,200 रुपये बताई गई है।
विभाग के अनुसार जिले में अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक मनोज दिनकर, आबकारी मुख्य आरक्षक विकास पाठक, महिला आरक्षक याशनिका यादव एवं वाहन चालकों का सराहनीय योगदान रहा।
#Datia #ExciseDepartment #IllegalLiquor #PoisonousLiquor #udnewsbharat