हिमाचल में दूसरी बार चिट्टे के साथ पकड़ा बिजली बोर्ड का कर्मचारी कुछ महीने पहले भी पकड़ा गया था फिर भी नौकरी से नहीं निकाला।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने राज्य विद्युत बोर्ड के एक कर्मचारी को चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.2 ग्राम चिट्टा बरामद किया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान घंडाल/घोला क्षेत्र के पास एक वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें से चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी सुरेंद्र कुमार निवासी बागी बिनौला को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड मंडल बिलासपुर कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। हैरानी की बात यह है कि बीते पांच महीनों में यह दूसरी बार है जब आरोपी चिट्टे के साथ पकड़ा गया है। इससे पहले जनवरी माह में भी उसे चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था।