
प्रयागराज में 52 वर्षीय अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद में हत्या का आरोप!
_________________________________________________________
गया दर्पण न्यूज़ हिंदी दैनिक ब्यूरो चीफ सुशील कुमार सोनी की रिपोर्ट दिनांक 16 अक्टूबर 2026 दिन शुक्रवार खबर अपडेट
_________________________________________________________
प्रयागराज। शहर के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह 52 वर्षीय अधिवक्ता सतीश कुमार श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल एसआरएन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि उनके पति की हत्या जमीन विवाद के चलते की गई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए। घटना के बाद करीब चार घंटे तक परिजनों और घरवालों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
जमीन कब्जे को लेकर चल रहा था विवाद
परिजनों के अनुसार, सतीश कुमार श्रीवास्तव सलोरी क्षेत्र में रहते थे और ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में लैब अटेंडेंट के रूप में कार्यरत थे। उनकी पत्नी वर्षा इंटर कॉलेज में पढ़ाती हैं, जबकि उनकी दोनों बेटियां वैष्णवी और वैशाली कॉलेज में थीं।
वर्षा श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि देवेंद्रनाथ मिश्रा पिछले एक साल से उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डीसीपी और एसीपी समेत कई अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भी दिया गया था।
परिवार ने यह भी दावा किया कि इससे पहले 10 दिसंबर को उनकी बेटी के साथ भी घटना हुई थी। उस समय परिवार ने गोरखपुर जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्रवाई का भरोसा मिला था, लेकिन विवाद जारी रहा।
पुलिस जांच में जुटी
डीसीपी सिटी सागर जैन के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी देवेंद्रनाथ मिश्रा भी पेशे से अधिवक्ता हैं। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ संदिग्ध चेहरे ढके हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
#Prayagraj #PrayagrajNews #UttarPradesh #BreakingNews #CrimeNews #AdvocateMurder #PoliceInvestigation #JusticeForSatishSrivastava #UPNews