जोधपुर में 48.700 किलो डोडा पोस्त जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
जोधपुर। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विवेक विहार थाना पुलिस और डीएसटी वेस्ट की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 48.700 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मादक पदार्थ की खेप लाए जाने की सूचना मिलने पर टीम ने सालावास क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध अल्टो कार का पीछा शुरू किया। इस दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए कार के टायर पंचर कर वाहन को रुकवा लिया। तलाशी लेने पर कार से 48.700 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चित्तौड़गढ़ से मादक पदार्थ की खेप लेकर जोधपुर आ रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी वेस्ट कमल शेखावत एवं एडीसीपी प्रवीण कुमार के सुपरविजन में हुई इस कार्रवाई को सप्ताह की दूसरी बड़ी सफलता माना जा रहा है। अभियान का नेतृत्व विवेक विहार थानाधिकारी बलवंतराम तथा डीएसटी वेस्ट प्रभारी एसआई महादेव प्रसाद ने किया। मोगड़ा-सालावास रोड पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने तस्करी की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच झंवर थानाधिकारी प्रह्लाद सिंह को सौंप दी है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क और अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह समाचार केवल सूचना के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है।