
#राठ: गेट लादते समय हुआ दर्दनाक हादसा, लोहे के नीचे दबकर श्रमिक की मौत
राठ। वाहन पर लोहे का गेट लादते समय संतुलन बिगड़ने से हुए दर्दनाक हादसे में श्रमिक की मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे राठ सीएचसी से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया था, जहां सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
नगर के छोटी जुल्हैटी मोहल्ला निवासी अरविंद अहिरवार (45) पुत्र श्रीपत सोमवार दोपहर बारहखंभा चौराहे की एक दुकान से लोहे का गेट वाहन में लाद रहे थे। इसी दौरान अचानक गेट का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ा। अरविंद गेट के नीचे दब गए और लोहे का गेट उनकी गर्दन पर जा गिरा।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए राठ सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। झांसी में इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी सावित्री ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर बताया कि उन्हें गेट गिरने की घटना की जानकारी नहीं दी गई थी। लोहे की दुकान से एक व्यक्ति उनके घर पहुंचा और पति की तबीयत खराब होने की बात बताई। इसके बाद वह परिजनों के साथ सीएचसी पहुंचीं, जहां से अरविंद को झांसी रेफर कर दिया गया।
अरविंद मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार में मातम छा गया। वह अपने पीछे पत्नी सावित्री, बेटे विकास और बेटी अनामिका को रोता-बिलखता छोड़ गए।
Rath Times की खबरें सबसे पहले पाने के लिए पेज को Follow करें।
👍 खबर पसंद आए तो Like और Share जरूर करें।
💬 अपनी राय संक्षिप्त और गरिमापूर्ण शब्दों में Comment करें।
#nonfollowers #nonfollowersviewers #followerseveryone #followforfollowback #foryoupage #photo #FacebookPage
Rath, Hamirpur | Sep 30, 2026