
अनीतिपूर्ण तबादलों के विरोध में राजस्थान शिक्षक संघ का धरना जारी
चूरूः राजस्थान शिक्षक संघ (एसटीएफआई) की ओर से शिक्षा विभाग में किए गए अनीतिपूर्ण तबादलों को निरस्त करने की मांग को लेकर गत 17 अगस्त से संयुक्त निदेशक कार्यालय के आगे अनिश्चितकालीन धरना बुधवार 19 अगस्त को भी जारी रहा। संघ ने सरकार पर तबादलों में राजनीतिक हस्तक्षेप, भाई-भतीजावाद और नियमों की अनदेखी के आरोप लगाए। संघ के प्रदेश महामंत्री विजय पोटलिया ने कहा कि पिछले करीब डेढ़ माह से शिक्षा विभाग अव्यवस्था और अराजकता का शिकार है। जुलाई-अगस्त में जहां विद्यालयों में नामांकन अभियान पर जोर देना चाहिए, वहीं बड़ी संख्या में शिक्षक तबादले करवाने-रूकवाने के लिए नेताओं के दरवाजे खटखटाने को मजबूर हैं। इससे विद्यालयों में शिक्षकों में असंतुलन पैदा हो गया है और कई उच्च माध्यमिक विद्यालय तृतीय श्रेणी शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहे हैं। संघ का आरोप है कि 10 जुलाई को तबादलों पर प्रतिबंध लगने के बाद भी नए तबादले किए गए। अधिकारियों द्वारा रिकॉर्ड का समुचित मिलान किए बिना ही कर्मचारियों के तबादले कर दिए, जो संबंधित स्थान पर कार्यरत ही नहीं हैं। संघ ने तबादला प्रक्रिया में भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना की। इस अवसर पर अलसीसर उपशाखा के ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम डांगी, मंत्री कमल कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष सुभाष कुमार, जिला उप सभा अध्यक्ष रोहिताश शर्मा, जिला कार्यकारिणी सदस्य विजय सिंह भांबू, ब्लॉक उप सभाध्यक्ष सुमेर सिंह महला व ब्लॉक कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद इशाक मौजूद थे। #stfi
#follower #nonfollowers #viralpost #highlight
Churu, Churu | Aug 19, 2026