
70वीं बीपीएससी में आदित्य मोहित की शानदार सफलता, बने राजस्व अधिकारी
दहीबर गांव के युवा ने बढ़ाया जिले का मान, परिवार में खुशी का माहौल
सामाजिक कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना
बक्सर. जिले के दहीबर गांव निवासी आदित्य मोहित ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर राजस्व अधिकारी पद पर चयनित होकर जिले का गौरव बढ़ाया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है.
आदित्य मोहित बक्सर जिले के ग्राम- दहीबर, पोस्ट- दहीबर, थाना- औद्योगिक, जिला- बक्सर के निवासी हैं. उनके पिता राजू पासवान प्रमंडलीय लेखा अधिकारी के पद पर कार्यरत रहे हैं, जबकि माता गुड्डी देवी हैं. बचपन से ही मेधावी रहे आदित्य ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा झारखंड के जसीडीह स्थित संत फ्रांसिस स्कूल से प्राप्त की, जहां उन्होंने कक्षा छह तक अध्ययन किया. इसके बाद कक्षा छह से बारहवीं तक की पढ़ाई सैनिक स्कूल तिलैया, कोडरमा (झारखंड) से पूरी की.
उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली का रुख किया और वहां से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की. इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और निरंतर मेहनत के बल पर 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर राजस्व अधिकारी बनने का सपना साकार किया.
आदित्य की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है. पुस्तकालय रोड निवासी सामाजिक कार्यकर्ता राकेश सिंह सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है. लोगों ने उम्मीद जताई कि आदित्य अपनी कार्यशैली और ईमानदार सेवा से समाज एवं प्रशासन में सकारात्मक योगदान देंगे.
Buxar, Buxar | Jun 22, 2026