
मौसम आधारित कृषि सलाह जारी, किसानों को खरपतवार नियंत्रण एवं खरीफ फसलों की देखभाल की सलाह
--
कृषि वैज्ञानिकों द्वारा जारी मौसम आधारित कृषि परामर्श के अनुसार आगामी 3 से 4 दिनों के दौरान जिले में तूफ़ान, बिजली चमकने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएँ तथा कुछ स्थानों पर खंड वर्षा होने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हवा की औसत गति 22 से 26 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे सोयाबीन, उड़द, मूंग, तिल सहित खरीफ फसलों में समय पर खरपतवार नियंत्रण करें तथा खेतों की मेड़ों पर उगे खरपतवार भी नष्ट करें, ताकि हानिकारक कीटों को आश्रय न मिल सके।
पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने पर भिंडी, लौकी, कद्दू, गिलकी, करेला एवं सेम जैसी खरीफ सब्जियों की बुवाई करें। जिन किसानों की धान की नर्सरी 20 से 25 दिन की हो चुकी है, वे निचले क्षेत्रों के मुख्य खेतों में रोपाई करें। रोपाई से पूर्व पौधों की जड़ों को 30 मिनट तक एजोटोबैक्टर के घोल में उपचारित करने की सलाह दी गई है।
किसानों को अदरक की बुवाई उन्नत किस्मों के बीज से करने तथा बुवाई से पहले बीजोपचार अवश्य करने की सलाह दी गई है। भिंडी की फसल में पीली पत्ती रोग तथा बैंगन में फल छेदक कीट का प्रकोप देखा जा रहा है। ऐसे में किसानों को नियमित रूप से फसलों का निरीक्षण करने और मौसम साफ रहने पर कृषि विशेषज्ञों की अनुशंसित दवाओं का ही छिड़काव करने की सलाह दी गई है।
वर्तमान मौसम पपीता, करौंदा एवं फालसा जैसी फसलों के बीज द्वारा प्रवर्धन के लिए अनुकूल है। साथ ही गुलाब की कटिंग तैयार करने के लिए नर्सरी बेड बनाने तथा जामुन, आंवला, अमरूद एवं आम के देशी पौधों पर कलम बांधने का कार्य भी इस समय उपयुक्त बताया गया है।
पशुपालकों को सलाह दी गई है कि वर्षा ऋतु में पशुओं को तालाबों का गंदा पानी पीने से बचाएं, क्योंकि इससे पेट के कीड़ों एवं संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ जाता है। पशु चिकित्सक की सलाह के अनुसार प्रत्येक 15 से 20 दिन में कृमिनाशक दवा अवश्य पिलाएं।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए सभी कृषि कार्य करें तथा बिजली चमकने और तेज़ हवाओं के दौरान खेतों में अनावश्यक रूप से कार्य करने से बचें।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh