
Ambala Media:"
विदेशी धरती पर गूंजा भारत माता का जयगान, पंचकूला की कवयित्री कुसुम धीमान ‘कलिका’ सम्मानित
ब्रैम्पटन (कनाडा)। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कनाडा के ब्रैम्पटन में आयोजित भव्य साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समारोह में पंचकूला, हरियाणा निवासी प्रसिद्ध कवयित्री कुसुम धीमान ‘कलिका’ को भारत से आमंत्रित कवयित्री के रूप में सम्मानित किया गया।
समारोह का आयोजन हिंदी राइटर्स गिल्ड कनाडा द्वारा किया गया। इस अवसर पर कुसुम धीमान ‘कलिका’ ने मातृभूमि के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भावनाओं को देशभक्ति गीत के माध्यम से प्रस्तुत किया। विदेशी धरती पर भारत माता के यशोगान का यह अवसर उनके लिए भावपूर्ण एवं अविस्मरणीय रहा।
समारोह में कांसुलेट जनरल ऑफ इंडिया, टोरंटो के अधिकारी श्री अरुण कुमार के करकमलों द्वारा कुसुम धीमान ‘कलिका’ को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह गौरवपूर्ण क्षण उनके साहित्यिक जीवन की अमूल्य निधि है और इस आयोजन की सबसे सुंदर स्मृतियों में सदैव शामिल रहेगा।
उन्होंने अपनी भावनाओं को कविता के माध्यम से भी व्यक्त किया—
“मंच सजा था राष्ट्र प्रेम का, भारत का जय गान था।
धरा विदेशी पर भी अपने, राष्ट्र गीत का मान था॥
भारत माता की जय गूँजी, शब्दों में अभिमान था।
कवयित्री को सम्मान मिला, जीवन का वरदान था॥”
कार्यक्रम में भारत तथा विदेशों से आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों के साथ ग्रेटर टोरंटो एरिया से बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग उपस्थित रहे। अपने संबोधन में कॉन्सुल अधिकारी श्री अरुण कुमार ने हिंदी राइटर्स गिल्ड कनाडा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था प्रवासी भारतीयों को भारतीय भाषा, संस्कृति और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कवियों एवं लेखकों को साहित्यिक क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए बधाई दी।
कुसुम धीमान ‘कलिका’ ने इस सम्मान के लिए हिंदी राइटर्स गिल्ड के समस्त पदाधिकारियों एवं आयोजकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने मित्रों एवं परिजनों के प्रति भी कृतज्ञता जताई, जिनके स्नेह, सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें साहित्यिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर विदेशी धरती पर तिरंगे, हिंदी और भारत माता के जयघोष के बीच सम्मानित होना उनके लिए अत्यंत गर्व और भावुकता का क्षण रहा।
🇮🇳 वंदे मातरम्। जय हिंद। 🇮🇳
—
Ambala, Ambala | Sep 9, 2026