
बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए जिला पुलिस सतर्क, पावर हाउसों पर पुलिसकर्मियों की मुस्तैद तैनाती
हड़ताल के मद्देनजर पुलिस अलर्ट, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम*
जगाधरी (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: हरियाणा में बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा तीन दिवसीय हड़ताल के आह्वान के मद्देनजर जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल आईपीएस ने आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कहा कि जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
पावर हाउसों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। तैनात पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। जिला पुलिस द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से समय रहते निपटा जा सके तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।
जिला पुलिस आमजन की सुविधा, आवश्यक सेवाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। पुलिस ने आमजन से शांति एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की है।