
युवा संगम का आयोजन 07 अक्टूबर 2026 को
रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों से जुड़ सकेंगे जिले के युवा
मध्यप्रदेश शासन की रोजगारोन्मुखी नीति के अंतर्गत जिले के आकांक्षी युवाओं को निजी क्षेत्र की औद्योगिक एवं व्यावसायिक इकाइयों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से युवा संगम (रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला) का आयोजन 07 अक्टूबर 2026, बुधवार को शासकीय महाविद्यालय पेटलावद, जिला झाबुआ में किया जाएगा। युवा संगम प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
युवा संगम में निजी क्षेत्र की विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक इकाइयों में उपलब्ध रिक्त पदों पर भर्ती के लिए युवाओं को अवसर प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देने के लिए संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से युवाओं को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध लाभों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कार्यक्रम में केंद्र सरकार की राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना तथा मध्यप्रदेश शासन की मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत निर्धारित पात्रता के अनुसार ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग एवं अप्रेंटिसशिप के लिए आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी भी युवाओं को प्रदान की जाएगी।
युवा संगम में 18 से 35 वर्ष आयु के ऐसे इच्छुक आवेदक भाग ले सकते हैं, जिन्होंने 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक अथवा स्नातकोत्तर स्तर की शैक्षणिक योग्यता प्राप्त की हो। इच्छुक आवेदकों को अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति एवं फोटोकॉपी, दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड तथा समग्र आईडी के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
जिले के पात्र एवं इच्छुक युवाओं से युवा संगम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर रोजगार, स्वरोजगार, अप्रेंटिसशिप एवं कौशल विकास से संबंधित अवसरों का लाभ लेने का आग्रह किया गया है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Skill Development, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP