
परमिट शर्तों के उल्लंघन पर दो बसों के खिलाफ कार्रवाई, उरई में परिवहन विभाग का चेकिंग अभियान
परिवहन विभाग ने चलाया सघन चेकिंग अभियान, दोनों बसें निरुद्ध कर पुलिस अभिरक्षा में खड़ी कराई गईं
उरई/जालौन। जिलाधिकारी समीर के निर्देश एवं मार्गदर्शन में परिवहन विभाग ने परमिट शर्तों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बसों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की और दोनों बसों को निरुद्ध कर दिया।
परिवहन विभाग के अनुसार, चेकिंग के दौरान दोनों बसें परमिट की निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करती पाई गईं। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद दोनों बसों को पुलिस अभिरक्षा में संकट मोचन मंडी चौकी, थाना आटा में खड़ा कराया गया।
यात्रियों को नहीं होने दी गई परेशानी: प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा। बसों में सवार यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की गई। सभी यात्रियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों के माध्यम से सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी: परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में अवैध परिवहन, बिना परमिट वाहन संचालन और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों एवं चालकों के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा।
अधिकारियों ने कहा कि नियमों के विपरीत वाहन संचालित पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामी और चालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध एवं नियम विरुद्ध परिवहन करने वाले वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।
Orai, Jalaun | Sep 21, 2026