मेडिकल कॉलेज विवाद: नर्सिंग छात्रों का कलेक्ट्रेट तक मार्च, MBBS इंटर्न पर कार्रवाई की मांग
उरई/जालौन। राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में नर्सिंग इंटर्न और एमबीबीएस इंटर्न के बीच हुए विवाद के बाद मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। घटना के विरोध में बुधवार शाम बड़ी संख्या में नर्सिंग छात्रों ने मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नर्सिंग छात्रों ने शाम करीब 5 बजे मंशापूर्ण हनुमान मंदिर से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। हाथों में बैनर और होर्डिंग लेकर चल रहे छात्रों ने “इंसाफ दो-इंसाफ दो” के नारे लगाए। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद छात्रों ने सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के माध्यम से जिलाधिकारी समीर को ज्ञापन सौंपा।
24 घंटे बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप; छात्रों का आरोप है कि मंगलवार को ड्यूटी और प्रशिक्षण के दौरान एक बीएससी नर्सिंग इंटर्न के साथ मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार की घटना हुई। छात्रों का कहना है कि घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जिससे नर्सिंग विद्यार्थियों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
ज्ञापन में छात्रों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। छात्रों ने कुछ एमबीबीएस इंटर्न के नाम भी ज्ञापन में दर्ज कराते हुए उनके विरुद्ध जांच की मांग की है।
सुरक्षा और लिखित माफी की मांग; नर्सिंग छात्रों ने मांग रखी कि घटना में शामिल बताए जा रहे छात्रों से संबंधित नर्सिंग इंटर्न के सामने लिखित और व्यक्तिगत रूप से बिना शर्त माफी मंगाई जाए। साथ ही भविष्य में नर्सिंग इंटर्न के साथ अभद्र भाषा, धमकी अथवा अपमानजनक व्यवहार की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं।
छात्रों ने ड्यूटी के दौरान नर्सिंग इंटर्न की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने तथा जांच पूरी होने तक घटना में शामिल बताए जा रहे एमबीबीएस इंटर्न को ड्यूटी से अलग रखने की मांग भी की।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन जारी रखने की चेतावनी; नर्सिंग छात्रों ने कहा कि यदि मामले में जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध आगे भी जारी रखेंगे। मार्च में नर्सिंग इंटर्न के साथ बड़ी संख्या में अन्य नर्सिंग विद्यार्थी भी शामिल रहे।
वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने छात्रों को आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Orai, Jalaun | Sep 23, 2026