
खेल सुविधाओं की बदहाली पर एनएसयूआई का अनोखा प्रदर्शन, कंचे-ताश खेलकर जताया विरोध
देवास। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (केपी कॉलेज) में खेल सुविधाओं और खेल सामग्री की कमी के विरोध में मंगलवार को एनएसयूआई ने अनोखा प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष श्रीकांत चौहान के नेतृत्व में छात्र और खिलाड़ी कॉलेज परिसर में जमीन पर बैठकर कंचे और ताश खेलते नजर आए। प्रदर्शन के जरिए संगठन ने कॉलेज में खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं की कमी पर विरोध जताया।
श्रीकांत चौहान ने कहा कि कॉलेज का नाम बदलकर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस कर दिया गया, लेकिन खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं अब भी उपलब्ध नहीं हैं। मैदानों की स्थिति सुधारने, आधुनिक खेल सामग्री उपलब्ध कराने और प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रतीकात्मक प्रदर्शन के जरिए कॉलेज प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया है।
तीन प्रमुख मांगें
एनएसयूआई ने आधुनिक खेल उपकरण और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, खेल मैदानों का सुधार करने तथा खिलाड़ियों के लिए नियमित प्रशिक्षण और योग्य प्रशिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की। चौहान ने चेतावनी दी कि मांगों का जल्द निराकरण नहीं होने पर चक्काजाम सहित आंदोलन किया जाएगा।