सरकारी नौकरी लगते ही बदली पत्नी! पति ने पत्नी और साले पर मारपीट का लगाया आरोप
छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद का मामला सामने आया है। 32 वर्षीय पंकज अहिरवार ने आरोप लगाया कि पत्नी आरती की सरकारी शिक्षक के पद पर नौकरी लगने के बाद उनके रिश्तों में बदलाव आ गया। पंकज के मुताबिक, उन्होंने पत्नी की पढ़ाई में सहयोग किया और नौकरी लगने के बाद अपना काम बंद कर बच्चों की देखभाल करने लगे।
पंकज ने बताया कि वर्ष 2018 में उनकी शादी हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। करीब दो साल पहले आरती की पीएमश्री उत्कृष्ट विद्यालय में वर्ग-1 शिक्षक के पद पर नौकरी लगी। आरोप है कि इसके बाद पत्नी ने उन्हें साथ रखने से इनकार करना शुरू कर दिया।
बुधवार सुबह पीएनबी बैंक के सामने किराए के मकान में विवाद बढ़ने पर पंकज ने पत्नी और साले वरदान अहिरवार पर डंडे से मारपीट करने का आरोप लगाया। सिर में चोट लगने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।