
केके पॉलिटेक्निक में कंप्यूटर ऑपरेटर की मौत, भाई का आरोप- काम के भारी दबाव में अनूप ने दी जान
भाई सुभाष सेन का दावा- छुट्टी के दिन भी बुलाया जाता था काम पर तय समय से ज्यादा ड्यूटी का आरोप
धनबाद के गोविंदपुर स्थित केके पॉलिटेक्निक में कंप्यूटर ऑपरेटर अनूप कुमार सेन की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के भाई सुभाष सेन ने संस्थान प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अनूप पर काम का इतना दबाव था कि उसकी ड्यूटी का कोई निश्चित समय नहीं था। आरोप है कि संडे हो या मंडे, उसे कभी भी काम के लिए बुला लिया जाता था। भाई के मुताबिक, लगातार काम के दबाव के कारण अनूप मानसिक तनाव में था। बताते चलें कि मंगलवार शाम केके पॉलिटेक्निक के प्रिंसिपल रूम में 32 वर्षीय अनूप कुमार सेन का शव पंखे से लटका मिला था। घटना के बाद 10 लाख रुपये के मुआवजे और पत्नी को नौकरी देने पर सहमति बनी है। वहीं, अब मृतक के भाई के आरोपों ने संस्थान की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुभाष सेन ने आरोप लगाया है कि अनूप को छुट्टियों के दिन भी काम पर बुलाया जाता था और तय समय से ज्यादा ड्यूटी कराई जाती थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। अब पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि क्या काम का कथित दबाव और मानसिक तनाव अनूप की मौत की वजह बना?