
जगजीत सिंह ठाकुर को सौंपी हिमाचल अंडर-17 एथलेटिक्स टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी
- राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के शिवपुरी में प्रदेश की टीम को देंगे प्रशिक्षण और मार्गदर्शन
Bushahr Today TV
चंबा/हिमाचल। हिमाचल प्रदेश की अंडर-17 बालक एथलेटिक्स टीम की कमान जिला चम्बा के जगजीत सिंह ठाकुर को सौंपी गई है। शिक्षा निदेशालय हिमाचल प्रदेश ने उन्हें राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के लिए टीम का हेड कोच नियुक्त किया है।
प्रदेश की अंडर-17 बालक एथलेटिक्स टीम 16 नवंबर 2026 तक मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में दमखम दिखा रही है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित आठ खिलाड़ी हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
टीम के साथ दुर्गा प्रसाद को चीफ डी मिशन, जगजीत सिंह ठाकुर को हेड कोच और राजेश खेवटा को टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है। जगजीत सिंह को मिली इस जिम्मेदारी से जिला चम्बा सहित प्रदेश के खेल जगत में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में हिमाचल के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
Rampur, Shimla | Nov 14, 2026