श्रीडूंगरगढ़ में कृषि कनेक्शन के आवेदन पर स्टाम्प मांगने का मामला, कांग्रेस नेता श्रीराम भादू ने सौंपा ज्ञापन
बीकानेर - (असगर अली )श्रीडूंगरगढ़ के तीनों सहायक अभियंता कार्यालयों में सामान्य श्रेणी के कृषि विद्युत कनेक्शन के आवेदन के दौरान किसानों से स्टाम्प लिए जाने का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता श्रीराम भादू ने इस संबंध में उपखंड अधिकारी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि जोधपुर डिस्कॉम द्वारा दिसंबर 2023 में मॉडल आवेदन पत्र से उचित मूल्य के स्टाम्प पेपर संलग्न करने की शर्त हटाई जा चुकी है। इसके बावजूद किसानों से स्टाम्प मांगे जा रहे हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक आर्थिक भार उठाना पड़ रहा है।
श्रीराम भादू ने मामले की जांच करवाने तथा नियमों के अनुसार किसानों से स्टाम्प नहीं लेने की व्यवस्था लागू करवाने की मांग की। इस दौरान खेताराम महिया, सत्यनारायण नाई, किशनलाल खिलेरी, ओमप्रकाश रिंटोड, बलराम नाहर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।