
बाढ़ राहत कैंप में भी डिजिटल मीडिया पर रोक, पत्रकारों में नाराजगी; मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कवरेज से रोके जाने का आरोप
हाजीपुर/वैशाली। वैशाली जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए राहत कैंप का निरीक्षण करने पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम में डिजिटल मीडिया के पत्रकारों को प्रवेश से रोके जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों में नाराजगी देखी जा रही है।
बताया गया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए राहत कैंप में पहुंचे थे। इसी दौरान कवरेज के लिए पहुंचे डिजिटल मीडिया के पत्रकारों को कार्यक्रम स्थल के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। पत्रकारों का आरोप है कि उन्हें कवरेज से रोकने का यह पहला मामला नहीं है।
दरअसल, कुछ दिन पहले वैशाली के बिदुपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित एक कॉलेज में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान भी प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं दिया गया था। इसके विरोध में पत्रकारों ने वैशाली समाहरणालय परिसर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए जिला प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई थी।
अब बाढ़ राहत कैंप में डिजिटल मीडिया पत्रकारों को रोके जाने से एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। डिजिटल मीडिया पत्रकार अभिजीत शर्मा ने कहा कि पड़ोसी जिलों में डिजिटल मीडिया के पत्रकारों को समाचार कवरेज के दौरान किसी तरह की रोक-टोक नहीं होती है, लेकिन वैशाली में बार-बार इस तरह की स्थिति क्यों उत्पन्न हो रही है, यह समझ से परे है।
पत्रकारों का कहना है कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। बाढ़ जैसी आपदा के समय राहत कार्यों और प्रभावित लोगों की समस्याओं को सामने लाने के लिए सभी मान्यता प्राप्त एवं कार्यरत मीडिया संस्थानों को समान अवसर मिलना चाहिए।
#वैशाली #हाजीपुर #बिहार #बाढ़ #बाढ़राहत #राहतकैंप #सम्राटचौधरी #डिजिटलमीडिया #पत्रकार #पत्रकारिता #मीडियापररोक #मीडियास्वतंत्रता #Vaishali #Hajipur #BiharNews #YoungIndiaNews