
₹6 हजार में खरीदा था देसी कट्टा, हथियार उपलब्ध कराने वाला गिरफ्तार...
राजीव कॉलोनी में पत्नी के प्रेमी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने वारदात के लिए कथित रूप से अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी मंगल के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 30 जून की रात राजीव कॉलोनी स्थित किराए के मकान की छत पर सो रहे 26 वर्षीय विपिन यादव के सिर में गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल विपिन की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। वह उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के विनायकपुर का निवासी था।
मुख्य आरोपी पहले हो चुका गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी विजय को जेसीबी चौक के पास से गिरफ्तार किया था। विजय मूलरूप से मैनपुरी के नंगला पीपल का रहने वाला है और वर्तमान में इटावा के जसवंत नगर मोहल्ले में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि विजय ने पत्नी के साथ कथित प्रेम संबंधों के चलते विपिन की हत्या की थी।
₹6 हजार में खरीदा था कट्टा और कारतूस
पुलिस का दावा है कि विजय ने वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा और दो कारतूस मंगल से छह हजार रुपये में खरीदे थे। मंगल और विजय पड़ोसी गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 ने कार्रवाई करते हुए 23 अगस्त को मंगल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे अवैध हथियार उपलब्ध कराने के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पहले भी दर्ज है हथियार बनाने का मामला
जांच में सामने आया है कि मंगल के विरुद्ध उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक वर्कशॉप में कथित रूप से अवैध हथियार बनाने का मामला पहले से दर्ज है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य लोगों को हथियार उपलब्ध कराने की आशंका की भी जांच कर रही है।