
घाटशिला में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा-ब्राउन शुगर के साथ 3 गिरफ्तार
जमशेदपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ घाटशिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.81 किलोग्राम गांजा और 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। इसके साथ ही एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, हुंडई आई-10 कार और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि घाटशिला थाना क्षेत्र के राजस्टेट स्थित पुराने अनुमंडल कार्यालय यानी राजबाड़ी के खंडहर भवन में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर राजबाड़ी के खंडहर भवन में छापेमारी की। इस दौरान मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्टेट निवासी दिनेश सिंह, धोबीपाड़ा निवासी तुषार सीट और मुसाबनी के पाथरगोड़ा निवासी लखन चंद्र सोरेन उर्फ लक्की उर्फ मामा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#Jamshedpur #Ghatshila #PoliceAction #DrugSmuggling #Ganja #BrownSugar #NDPSAct #JharkhandPolice #EastSinghbhum #CrimeNews #ChhotanagpurLive