
बेला टोल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लावारिस ट्रक से 25 बछड़े-बछिया बरामद, तस्करी की आशंका
सिमरीबख्तियारपुर। बलवाहाट थाना क्षेत्र के बेला टोल स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास रविवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लावारिस छह चक्का ट्रक से 25 बछड़े-बछिया बरामद किए। ट्रक पर पश्चिम बंगाल का नंबर अंकित होने से मवेशी तस्करी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
◆चौकीदार की सतर्कता से खुला मामला
जानकारी के अनुसार, बेला टोल महाल के चौकीदार लक्ष्मी साह रात में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान विद्यालय के पास सुनसान जगह पर संदिग्ध हालत में खड़ा ट्रक दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल बलवाहाट पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें ठूंसकर रखे गए करीब 25 बछड़े-बछिया मिले।
◆मालिक और चालक फरार
पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक और अन्य लोग मौके से फरार हो गए। वाहन के नंबर के आधार पर मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पशुओं को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
◆बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने संभाली जिम्मेदारी
घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल और अन्य सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंचे। सभी पशुओं को ट्रक से सुरक्षित बाहर निकालकर पानी पिलाया गया और उनकी देखभाल की व्यवस्था की गई।
◆थानाध्यक्ष बोले— हर पहलू की जांच जारी
बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#Saharsa #SimriBakhtiyarpur #BalwahatPolice #CattleSmuggling #BiharNews #BreakingNews #KosiSamachar #SaharsaNews