
ए.वी.टी. स्टाफ हथीन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गऊ तस्करी और पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने वाले दो और मुख्य आरोपी धरे।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल के कुशल निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए ए.वी.टी. स्टाफ हथीन की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गऊ तस्करी और पुलिस पार्टी पर गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास करने के मामले में काफी समय से वांछित चल रहे दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान आजाद उर्फ टिमाणी निवासी बीबीपुर, जिला नूंह तथा अय्यूब उर्फ हब्बू निवासी: उटावड, हाल आबाद: नहर कालोनी पल्ला, थाना नल्लहड, जिला नूंह के रूप में हुई है।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए ए.वी.टी. स्टाफ हथीन प्रभारी निरीक्षक जमील अहमद ने बताया कि दिनांक 14 फरवरी 2026 को थाना गदपुरी पुलिस को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद से एक सफेद-नीले रंग की पिकअप गाड़ी (नंबर HR-74B-0830) में गऊ तस्कर गऊकसी के लिए गायों को भरकर मेवात की तरफ ले जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने कलवाका-मंदपुरी रोड पर नाकाबंदी की, तो तस्करों ने पुलिस पार्टी को देखकर गाड़ी रोकने के बजाय, उन्हें जान से मारने की नीयत से तेज गति से पिकअप पुलिसकर्मियों के ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने सड़क किनारे कूदकर बमुश्किल अपनी जान बचाई। तेज रफ्तार के कारण संतुलन बिगड़ने से तस्करों की पिकअप गाड़ी गड्ढे में पलट गई।
मौके पर गाड़ी पलटने के बाद अगली सीट पर बैठे आरोपी भागने में सफल रहे थे, जबकि पिछली तरफ दबे तीन आरोपियों (कय्युम, शहुद और इश्ताक) को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर उनके चंगुल से क्रूरतापूर्वक बांधी गई 6 गायों को सकुशल मुक्त कराया था। तस्कर इन गायों को फरीदाबाद की सड़कों से उठाकर राजस्थान के जुरेहड़ा में गऊकसी के लिए ले जा रहे थे। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ थाना गदपुरी में भारतीय न्याय संहिता व हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
ए.वी.टी. स्टाफ हथीन प्रभारी ने बताया कि मामले की ए.वी.टी. स्टाफ हथीन के सब-इंस्पेक्टर हकीमुद्दीन ने दिनांक 14 अप्रैल को गाड़ी चालक रुकमुद्दीन उर्फ काला निवासी हुसैनपुर, नूँह को गिरफ्तार कर जेल भेजा। तदोपरांत दिनांक 21 जून को दोनों आरोपियों (आजाद उर्फ टिमाणी और अय्यूब उर्फ हब्बू) उपरोक्त गिरफ्तार किए गए जिन्हें आज माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है। गऊ तस्करी से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।